भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक पर विशेष
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सूरजकुंड में शुरू हो गयी है । इस बैठक का एजेंडा क्या है , यह तो साफ साफ पता नहीं है। किन्तु नव भारत टाइम्स में छपे बीजेपी के पांच चैलेन्ज पर ध्यान गया-
१) मध्यावधि चुनाव
२) भ्रष्टाचार -कोलगेट
३) देश की आर्थिक स्थिति
४) गुजरात और हिमाचल का विधान सभा चुनाव
५) संगठन में एकजुटता ।
इनके अलावा और भी विषय होंगे जिन पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद् विचार विमर्श कर सकती है। मध्यावधि चुनाव पर दिल और दिमाग लगाकर अपनी शक्ति न गवांई जाये, क्योंकि अगर मध्यावधि चुनाव होते भी हैं तो कार्यकर्ता तैयार हैं, यह मैंने आम आदमी के बीच रहकर जान लिया है।
यहाँ पर मैं उक्त पाँचों चेलेंज पर बात न करके सिर्फ एक ही चेलेंज “एकजुटता” पर बात कर रहा हूँ। आज हवा पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में है। हाँ इतना जरूर है कि बीजेपी के अन्दर आपसी खींचतान और निराशाजनक बयानबाजी से आम आदमी दुखी जरूर हो जाता है। अब जरूरत है पदाधिकारियों में एकमतता और एकजुटता की । इसके अलावा हमारी दृष्टि सत्ता प्राप्ति के लक्ष्य तक सीमित न होकर देश के दीर्घकालिक हित पर आधारित होना चाहिए।
पिछले दिनों जहाँ जहाँ हम गए और जिन जिन लोगों से बातचीत हुई, हमें एक ही दुखड़ा सुनने को मिला कि बीजेपी के शीर्ष नेता आपसी कलह में उलझ जाते हैं और राष्ट्रीय पार्टी होते हुए भी छोटे छोटे दलों के दबाव में आ जाते है। आज अगर एनडीए के किसी सहयोगी दल विशेष के नेता ने कह दिया कि यदि नरेन्द्र मोदी को प्रधान मंत्री प्रोजेक्ट किया गया तो वे साथ छोड़ देंगे । हम उनकी गीदड़ भभकी में आ जाते हैं और बचाव का बयान देने लगते हैं कि ऐसा कुछ नहीं होगा। आम आदमी इस दब्बूपन से आहत है।
मैं उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात के विभिन्न भागों में जाता रहता हूँ। वहां के आम आदमियों से जैसे किसान, मजदूर, रिक्से वाला, ठेली वाला, मोची, टेक्सी ड्राइवर आदि से बात करता हूँ कि वे किसको भावी प्रधान मंत्री के रूप में देखना चाहते हैं ? इस पर उन सब का एक ही जबाब होता है : नरेन्द्र मोदी . इतना ही नहीं मैंने कई कांग्रेसी बन्धुवों से भी बात-चीत की और उन्होंने अपना नाम न लेने की शर्त पर अपनी पसंदगी नरेन्द्र मोदी के नाम पर ही जाहिर की। एक दलित बस्ती में गया जहाँ अधिकतर चर्मकार बंधु रहते हैं । उन लोगों का भी यही कहना था कि यदि मोदी जी को प्रधान मंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जाये तो जाति धर्म और दल के भेद भाव से ऊपर उठकर हमारा वोट मोदी जी को ही पड़ेगा। हम सत्ता की लड़ाई नहीं बल्कि राष्ट्र के विकास की लड़ाई लड़ेंगे तो जीत निश्चित रूप से भाजपा की होगी. इसलिए हिम्मत करके एकमत और निर्विवाद रूप से नरेन्द्र मोदी को प्रधान मंत्री पद का उम्मीदवार प्रोजेक्ट करके चुनाव लडें, भाजपा दो तिहाई के पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें