प्रातः भ्रमण पर प्रतिदिन की तरह आज भी कई मित्र सुबह सुबह देशकाल और समसामयिक विषयों पर वार्ता करने लगे. आज तो चर्चा का विषय हमारे प्रधान मंत्री द्वारा कल दिए गए सन्देश पर आधारित था. जैसे ही मेरे एक बुजुर्ग मित्र ने चर्चा आरम्भ की तो दूसरे मित्र बीच में ही तपाक से बोले, " अरे रहने दो यार अब उस भाषण की चर्चा ही मत करो, वह कोई भाषण ही नहीं था इससे अच्छा तो कक्षा एक का कोई विद्यार्थी रट कर भाषण दे सकता था , उस भाषण में कोई दम ही नहीं था , बेशक एक क्षण के लिए हम उस भाषण की विषयवस्तु को ठीक मान भी लें परन्तु प्रधान मंत्री द्वारा भाषण देते समय उनके चेहरे पर वैसे भाव ही नहीं थे जैसा वे बोल रहे थे, ऐसा लग रहा था जैसे कोई रोबोट या मूर्ति बोल रही थी" , अपने मित्र की बात सुनकर पहले तो मैंने बीच में ही टोकते हुए उन्हें रोका कि भैया जी अपने प्रधान मंत्री के लिए ऐसा नहीं कहते. पर फिर सोचा कि शायद मेरे मित्र कहीं न कहीं ठीक ही कह रहे है. क्योंकि प्रभावी सन्देश का सबसे बड़ा गुण होता है सन्देश देने वाले की भाव भंगिमा. एक प्रभावी वक्ता का सन्देश उसके शब्दों के साथ साथ उसके चेहरे पर भाव, उसकी आँखें, उसके हाथों और यहाँ तक कि उसकी गर्दन आदि का मूवमेंट की सहायता से ही प्रभावी होता है और फलस्वरूप श्रोता पर अपेक्षित प्रभाव डालता है. पर बिना बॉडी लैंग्वेज और फेस एक्स्प्रेसन के सन्देश किसी श्रोता के दिलो दिमाग पर असर नहीं डालता है. यह और भी जरूरी तब हो जाता है जब प्रधानमंत्री जैसा अति महत्वपूर्ण व्यक्ति पूरे देश को संबोधित कर रहा हो और पूरी दुनिया उसे सुन रही हो. ऐसे अवसरों पर तो प्रधानमंत्री का भाषण ऐसा होना चाहिए कि वह हर सुनने वाले के दिलोदिमाग को झकझोर कर रख दे और सुनने वाले को अंत तक बंधे रखे. नीरस भाषण सुनने के लिए श्रोता भी ज्यादा देर तक टिकता नहीं है . शायद इसीलिए मेरे एक तीसरे मित्र ने इसीलिए कहा कि उन्होंने पूरा भाषण ही नहीं सुना और उन्होंने टेलीविजन का चैनल ही बदल लिया था

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें