रविवार, 30 सितंबर 2012

राष्ट्रीय मूल्यों की पुनर्स्थापना से ही कोई आन्दोलन प्रभावी होगा

अन्ना हजारे  और बाबा रामदेव  ने भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ आन्दोलन के द्वारा समाज में निश्चित रूप से  एक जाग्रति पैदा की है. मैं भी उनके कार्यक्रमों में भाग लेता रहा हूँ. इस मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मैंने सोचा कि वर्तमान प्रौढ़  पीढ़ी में सुधार लाना इतना संभव नहीं जितना नई पीढ़ी को मूल्यों के प्रति जागरूक कर आगे बढ़ाना. नई पीढ़ी में राष्ट्रीय एवं सामाजिक मूल्यों और दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध करने के लिए उन्हें अपने शहीदों , हुतात्माओं, क्रांतिकारियों से परिचित कराना  होगा जो माँ भारती को आज़ाद करने के लिए अपने ऐश-ओ आराम, पद-पैसा-वैभव की तिलांजलि देकर हँसते हँसते फाँसी पर चढ़ गए. क्या क्या यातनाएं नहीं सहीं इन बलिदानियों ने . गोलियों से छलनी होने पर  भी माँ भारती का झंडा नहीं गिरने दिया.  छाती तान कर गोलियां खायीं. अपनी मातृभूमि  के सम्मान की  खातिर उन्होंने तोपों से उड़ना मंजूर किया, तब जाकर यह देश आज़ाद हुआ. अंतिम विचार के रूप में गाँधी जी को भी अहिंसा छोड़कर हिंसक नीति "करो या मरो" का सहारा लेना पड़ा. परिणाम स्वरुप माँ भारती के हजारों वीरों और वीरांगनाओं को अपनी बलि देनी पड़ी. आज के युवाओं को उन शहीदों, उन हुतात्माओं की याद दिलानी होगी. मैंने अंडमान निकोबार की सेलुलर जेल को देखा जहाँ पर माँ भारती की आज़ादी के दीवानों को काल कोठरी में बंद करके रखा जाता था. आज़ादी के उन दीवानों को कैसी कैसी यातनाएं दी जाती थी यह सुनकर रोंगटें खड़े हो जाते थे.  हमने  ऐसे लगभग एक हजार वीर वीरांगनाओं के  चित्र अंडमान निकोबार  समेत  देश के विभिन्न स्थानों पर जाकर और इन्टरनेट के माध्यम से प्राप्त कर एक ग्रन्थ तैयार किया है जो शीघ्र ही प्रकाशनार्थ है.  साथ ही हमारा प्रयत्न है कि सभी शहीदों और क्रांतिकारियों की याद में हर वर्ष पितृ विसर्जनी अमावश्या को सामूहिक श्राद्ध तर्पण देने के लिए "महाश्राद्ध" के रूप में मनाया जाये ताकि उनके बलिदान को स्मरण कर देश में राष्ट्रीय मूल्यों की पुनर्स्थापना हो सके. तब शायद अन्ना जी और रामदेव जी के आन्दोलन अधिक प्रभावी साबित होंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें