शुक्रवार, 30 नवंबर 2012

अपनी भी पहचान करा दी अय्यर ने

श्री मणिशंकर अय्यर  ने  सांसदों को जानवर कहकर अपनी भी पहचान करा दी क्योंकि वह भी एक सांसद हैं। दूसरी बात  यह है कि मणिशंकर मीडिया  में चर्चा में रहने के लिए कुछ भी अनर्गल बोलकर समाज और संसद में अपनी मौजूदगी दर्ज करने के आदि हैं। यह वही मणिशंकर हैं जिन्होंने वीर सावरकर की राष्ट्र भक्ति पर ऊँगली उठाई थी, इतना ही नहीं उन्हें बार बार गाँधी का हत्यारा कह कर बदनाम करने की दुष्टता पूर्ण हरकत करते रहे हैं। किसी पर कीचड उछालने से पहले अपने गिरहबान में झाकना चाहिए। उन्हें अपने नाम के अनुरूप व्यवहार  करना चाहिए। वह मणिशंकर हैं न कि  "मणि कंकर " ! एक सांसद और मंत्री रहे व्यक्ति को शोभा नहीं देती है विवादस्पद जीवन जीने की जीवन शैली।  

गुरुवार, 15 नवंबर 2012

19 को मनाया जायेगा वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जन्मोत्सव


नवम्बर माह में जन्मे अन्य क्रांतिकारियों को दी जाएगी सामूहिक श्रद्धांजलि 

गाज़ियाबाद । शहीद स्मृति फाउन्डेशन आगामी 19 नवम्बर को झाँसी की रानी वीरांगना महारानी लक्ष्मी बाई का जन्म दिवस मनायेगा। देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महारानी लक्ष्मीबाई के अप्रतिम शौर्य और उनके योगदान की स्मृति में उनका 188 वां जन्म दिन धूमधाम से मनाया जायेगा। शहीद स्मृति फाउन्डेशन का लक्ष्य है “आम भारतीय जनमानस विशेषकर नयी पीढ़ी को शहीदों और महापुरुषों के योगदान से सतत अवगत कराते रहना”, ताकि युवा पीढ़ी में मूल्यों की पुनर्स्थापना हो और वे हमारे ऐतिहासिक क्रांतिकारियों और महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। गाज़ियाबाद के  एडवांस इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट में आयोजित होने जा रहे उक्त कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मी बाई के साथ साथ नवम्बर माह में जन्मे अन्य क्रांतिकारियों जैसे बिरसा मुंडा, झलकारी बाई, वासुदेव बलवंत फड़के , बिपिन चन्द्र पाल, पांडुरंग महादेव बापट, खान खोजे, उदयचंद जैन, शांति घोष , केशरी सिंह बारहठ आदि महान क्रांतिकारियों का  देश के प्रति किये गए बलिदान पर प्रकाश डाला जायेगा और उनको सामूहिक श्रद्धांजलि दी जाएगी।
        फाउन्डेशन के संयोजक हरविलास गुप्ता के अनुसार आगामी महीनों में भी हर माह ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे जिनमे सम्बंधित  माह में जन्मे क्रांतिकारियों का सामूहिक रूप से स्मरण करके उनको श्रद्धांजलि देकर जन्मदिन मनाया जायेगा।  फाउन्डेशन का प्रयास रहेगा कि लोगो के दिलो दिमाग से  क्रन्तिकारियों का बलिदान विस्मृत न होने पाए।  

कैसे आयेगा राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव ?


                     हाल ही में माननीय राष्ट्रपति महोदय ने ठीक ही कहा है कि  शिक्षा का माप दंड डिग्रीयां नहीं बल्कि कितने नौजवान स्कूल कालेजों और विश्वविद्यालयों से निकल रहे हैं जो विवेकवान ज्ञानवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव रखते है और जो मानवता के  आधार पर हिंसा नफ़रत और सामजिक दुर्भाव से दूर विघटन की संकीर्ण  भावना से ऊपर उठकर सोचते है। साथ ही भारत को गतिशील, मजबूत और समृद्ध राष्ट्र बनाने  में कितना योगदान देते हैं ?  माननीय राष्ट्रपति जी ने बहुत ही सही बात कही है। अगर नौजवानों की उपरोक्त सोच बन जाये तो भ्रष्टाचार, अनाचार , व्यभिचार, बेशर्मी स्वतः ही समाप्त हो जायेंगे। फिर इनको दूर करने के लिए भूख हड़ताल और सत्याग्रह आदि नही करना पड़ेगा। जब  बच्चों  को नैतिक मूल्यों की शिक्षा मिलने लगेगी तो बच्चा अधर्म और अनैतिक मार्ग नहीं अपनाएगा। 
आज के बालक को अच्छे बुरे की पहचान नहीं है। क्योंकि उसे इस आदर्श संहिता पर चलने का मार्ग कहीं  सिखाया  नहीं गया न घर में,न विद्यालय में,  न मित्रों में, न व्यापक समाज में। गर सिखाया भी जाता है तो सिर्फ ये की ज्यादा से ज्यादा धन कैसे कमाया जाये। यही ललक उसमे पैदा हो जाती है।  मार्केटिंग  का फंडा है कि  घटिया से घटिया वस्तु  किस चतुराई से ग्राहक को बेच दी जाये। जो ऐसा कर लेता है वही अच्छा मार्केटिंग एक्सेक्युटिव कहलाता है। मोरल वैल्यूस में वह साधारणतया विश्वास  ही नही करता।  बस प्रोडक्ट को बेचना ही उसका सर्वोपरि ध्येय है।  फिर नागरिकों में कैसे यह भाव पैदा होगा कि  सत्यनिष्ठां  और समर्पण से सुख और समृद्धि प्राप्त की जा सकती है।

                  आदरणीय राष्ट्रपति जी मैंने भी इस पर बहुत विचार किया, बहुत मंथन किया कि  खोये हुए मूल्य कैसे पुनर्स्थापित किये जाएँ जिससे समाज में और मानवमात्र के प्रति  समर्पित और सत्यनिष्ठ नागरिक कैसे बन सकते हैं? भ्रष्टाचार के खिलाफ आन्दोलन चल रहे हैं, भूख हड़ताल भी चली, खूब शोर शराबा हुआ एक दूसरे पर कीचड उछाला जा रहा है, घटिया से घटिया बयानबाजी कर एक दुसरे का चरित्र हनन किया जा रहा है । इसका  क्या असर पड़ेगा हमारी आने वाली पीढ़ियों पर? कोई अपनी कमी को, बेईमानी को, रिश्वत खोरी को स्वीकार करने को  तैयार नहीं है। कोई कम भ्रष्ट, कोई ज्यादा भ्रष्ट। प्रश्न है कि  इसका निदान क्या है? मेरी समझ में तो आत्म विश्लेषण कर स्वयं में इसका उपचार ढूंढना होगा, ये भाव रखकर कि  मैं  ही गलत हूँ दूसरा नहीं। आज भारतीय  राजनीतिक दलों के प्रवक्ता जो  पढ़े लिखे हैं और श्रेष्ठ परिवारों यहाँ तक कि  राजा महाराजाओं के परिवारो से सम्बन्ध रखते हैं या अच्छे वकील है या अच्छे प्राध्यापक है ये सब भी अपनी बात कहते वक्त मर्यादाएं भूल जाते है और सार्वजानिक संचार माध्यमों में एक दुसरे पर कीचड उछालते हैं।  कभी कभी तो लगता है कि  छोटे बच्चे भी सोचते होंगे कि  हमारे ये बड़े लोग ग़ाली गलौज की भाषा बोलकर एक दूसरे की बखिया उधेड़ते हैं तो उन्हें लगने कगता है कि  बड़े तो उनसे भी आगे निकल गए। इसलिए माननीय राष्ट्रपति जी बच्चों के संस्कार सुधारने के लिए पहले  बड़ों का आचरण सुधारना होगा। आप इसके लिए बहुत कुछ कर सकते हैं। इसके लिए स्कूलों और कालेजों में महापुरुषों  और देश की स्वतंत्रता के लिए मर मिटने वाले  शहीदों की जीवनियाँ पढानी होगी। अच्छा हो सभी दलों के प्रवक्ताओं की एक सामूहिक बैठक लेकर आचार संहिता का ज्ञान पहले उन्हें प्रदान कर, और स्कूलों तथा कालेजों के पाठ्यक्रमों में  महापुरुषों और शहीदों की जीवनियों को पढना अनिवार्य किया जाये। आने वाली पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव स्वतः पैदा  हो जाएगा।  

रविवार, 11 नवंबर 2012

अहिंसा से नहीं, नेता जी के संघर्ष से मिली आजादी


अहिंसा को आधार मान कर आज़ादी का ढोल पीटने वाले शायद ये भूल जाते हैं कि 1942 का भारत छोडो आन्दोलन असफल होने के बाद देश में एक ठहराव, एक निर्वात ( वैक्क्यूम ) सा आ गया था। क्रांतिकारी  आन्दोलन भी देश के अंदर कुछ हल्का पड़  गया था लेकिन ख़त्म नहीं हुआ था। नेता जी का सशस्त्र युद्ध अंग्रेजों की नाक में दम किये हुए था। अंग्रेज सेना में भर्ती  भारतीय नौजवान नेता जी के साथ होते जा रहे थे। गाँधी जी का अहिंसा आन्दोलन क्षीण हो चुका  था। लोगों की नज़र अब नेता जी पर टिकी हुई थी। 
हिरोशिमा और नागासाकी पर गिराए गए परमाणु बम ने जापान और ज़र्मनी के हौसले पस्त कर दिए थे। परिणामस्वरुप आज़ाद हिन्द फ़ौज को भी धक्का लगा। 1945 तक यह युद्ध पूरी ताकत से आगे बढ़ता गया। किन्तु परमाणु हमले के प्रहार ने जर्मनी  और जापान को आगे बढ़ने से रोक दिया और परिणाम स्वरुप नेता जी सुभाष का आगे बढ़ना भी मुश्किल हो गया। देश के अन्दर अहिंसा आन्दोलन दम तोड़ चुका  था लेकिन क्रन्तिकारी हौसले कायम थे जिसके परिणामस्वरूप नौसेना और थलसेना में भी विद्रोह देखने को मिला।
युद्ध समाप्त होने के बाद भारतीय नौसेना के बेड़े  भारत लौट  रहे थे, उन्ही दिनों भारतीय नौसेना का एक जहाज अराकान में पहुंचा। जहाज के कुछ भारतीय अफसर और कर्मचारी नगर भ्रमण को निकले। उनसे कुछ स्थानीय भारतीय लोग  बाज़ार में मिले और उन्हें धिक्कारा और कहा " आप लोगों को धिक्कार है कि आप भारत की आज़ादी के लिए न लड़कर उसकी गुलामी को स्थाई करने के लिए लड़े , यही नहीं आप लोगों ने दूसरे  स्वतंत्र देशों को भी अंग्रेजों का  गुलाम बनाने मे मदद की। आप सबसे  तो नेता जी की आज़ाद हिन्द फ़ौज लाख गुना अच्छी है जो भूखे प्यासे रहकर अपने देश को आज़ाद करने की लड़ाई लड़ रही है । आप लोगों को विजय की ख़ुशी मनाने के स्थान पर चुल्लू भर पानी में डूबकर मर जाना चाहिए". यह अग्रेंजो की जीत और भारत की हार है।
यह धिक्कार भरी जन प्रतिक्रिया सुनकर उन्होंने संकल्प कर लिया कि या तो देश को आज़ाद कराएँगे या प्राण दे देंगे। देखते ही  देखते सभी जवानों ने "जय हिन्द" के नारों से क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। विशाखापट्नम, कोचीन , मद्रास सभी  बंदरगाहों पर आन्दोलन  फ़ैल गया। विद्रोह में सम्मिलित होने वाले जहाजों में प्रमुख जहाज थे, "हिंदुस्तान", "कावेरी", "सतलज", "नर्मदा", "असम ", "यमुना" , "कोच्चि" आदि।
यानि सम्पूर्ण भारत के जहाजी बड़े विद्रोह में शामिल हो गए थे और उन पर आज़ाद  हिन्द फ़ौज का झंडा और नेता जी का चित्र लगा दिया  गया था। सभी जहाजो से जय हिन्द और नेता जी की जय के नारे गूंजने लगे थे।  इस विद्रोह से निपटने के लिए अग्रेजों ने थल सेना को नौसेना के जहाजों पर गोलियां चलाने  का आदेश दिया। परन्तु थल सेना ने विद्रोह कर दिया और नौसेना पर गोलियां चलने से मना  कर दिया। इसके विपरीत विद्रोही सैनिको और  ब्रिटिश सैनिको के साथ जमकर संघर्ष हुआ।इसमें सैकड़ों अंग्रेजी सैनिक मारे गए। इससे  ब्रिटिश हुकूमत घबरा गयी और संधि के लिए बल्लभ भाई पटेल के माध्यम से वार्ता शुरू की गयी। विद्रोह शांत हो गया , परन्तु अंग्रेज अपनी आदत के अनुसार संधि वार्ता की शर्तों पर टिका नहीं और विद्रोहियों को उसका दुष्परिणाम  भुगतना पड़ा।  किन्तु इस बार का विद्रोह अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिलाने में कामयाब रहा। तत्कालीन ब्रिटिश प्रधान मंत्री लार्ड एटली ने ब्रिटिश संसद में बयान देते हुए कहा था " ब्रिटेन भारत को सत्ता का हस्तांतरण इसलिए कर रहा है क्योंकि अब भारतीय सेना ब्रिटेन के प्रति बफादार नहीं रही, और ब्रिटेन इतनी बड़ी अपनी स्वयं की सेना भारत में तैनात नहीं कर सकता जो भारत को गुलाम बनाये रख सके". 
ब्रिटिश साम्राज्य ने भारत  को सत्ता हस्तांतरण करते समय सुभाष बोस के महत्व को बड़ी ईमानदारी से स्वीकार करते हुए कहा था कि "भारत सरकार  को शीघ्र ही यह विदित हो गया कि  अंग्रेजी राज्य की रीढ़ की हड्डी भारतीय सेना नेता जी के साथ  है और उस पर अधिक समय तक निर्भर नहीं रहा जा सकता है"। इससे स्पष्ट है कि  आज़ादी अहिंसा से नहीं नेता जी के संघर्ष  से मिली है। 

शनिवार, 10 नवंबर 2012

राम राज्य कब आएगा !!


सूरजकुंड में कांग्रेस की मंथन बैठक में सोनिया जी और राहुल बस में बैठकर अन्य सदस्यों के साथ बैठक स्थल पर पहुंचे। यह एक अच्छी शुरुआत है, भले ही यह हमें नाटक दिखाई दे। खर्चे और प्रदूषण को कम करने के साथ साथ यह दिखाने का साहस किया कि  वे आम आदमी की तरह जीना सीखना चाहते हैं। क्या अन्य दल भी  इसी प्रकार की मिशाल कायम करने की इच्छा शक्ति रखते हैं, यह विचारणीय विषय है? यदि ऐसा अन्य दल भी करने लगें तो देश का करोड़ो रूपया बच  सकता है। 
जनसंघ काल में जनसंघ के अधिकारी, कार्यकर्ता  यह सोचा करते  थे कि  अंग्रेजों के शासन में अंग्रेज अधिकारीयों एवं भारतीय अफसरों का दबदबा दिखाने  के लिए और उनका रुतबा आम आदमी से ऊपर दिखाने के लिए उनका रख रखाव , रहन सहन व शासकीय शान हेतु शानदार सवारी और शानदार कोठी होती थी। जबकि आम आदमी के पास कच्ची झोपडी होती थी। देश की आज़ादी के बाद समानतापरक लोकतंत्र स्थापित हुआ पर कोई खास बदलाव नहीं आया। आज भी राष्ट्रपति ,मंत्री, नेता और प्रशासक वर्ग उसी अंग्रेजी शान से जी रहे हैं। आज भी एकड़ों भूमि में बने उनके बंगले आम आदमी को चिढ़ा रहे हैं। सबको सामंत वादी  जीवन जीने की ललक है। यहाँ तक कि  एक वार्ड स्तर  तक के छोटे से कार्यकर्त्ता में भी अंगरक्षक रखने और हूटर लगी गाडी की ललक जगी है।उसके अन्दर ये विचार अपने उच्च नेता की विलासिता पूर्ण जीवन शैली को देखकर ही आते है।  हाँ एक उदहारण है जनता पार्टी के काल में गृह मंत्री रहे श्री चतुरानन मिश्र, उन्होंने जरूर एक मिशाल पेश की थी।जब उन्होंने बंगले या कोठी में रहने की बजाय अपने फ़्लैट में रहना ही मंजूर किया। आज भी ममता दीदी अपने छोटे से मकान में रहकर झूठी शान से जीने वालों को एक दिशा दे रही है। क्या किसी दल में यह हिम्मत है कि  वह इन बड़े बड़े एकड़ों में फैले भवनों की जगह ऐसी व्यवस्था स्वीकार  करे कि  8 या 10 मंत्रियों के लिए एक ही जगह सामूहिक फ़्लैट बनवाकर आम आदमी की तरह रहने का साहस दिखा सके। किसी एक मंत्री के पीछे कारों का लम्बा चौड़ा कारवां न हो। ऐसा करने से एक ओर तो  सारा मंत्रिमंडल पांच छः कोठियों में समा जायेगा, दूसरा झूठे तामझाम और दिखावे से दूर रहकर खर्च तथा प्रदूषण दोनों कम होंगे। भाजपा को चाहिए कि  वह अपने घोषणा पत्र में यह बात कहे कि यदि उनकी सरकार केंद्र में आती है तो वे उक्त सभी बातों को क्रियान्वित करेंगे। देखिये जनता आपको सर आँखों पर बैठा कर पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में स्थापित करेगी। हिम्मत तो करिए,  साधारण बनने की ओर कदम तो बढाइये, जनता आपको इतना प्यार देगी कि  आप गदगद हो जायेंगे। छोडिये राजे रजवाड़ों वाली शान। आम आदमी हैं, आम आदमी बने रहिये। जिस दिन यह कर दिखायेंगे उस दिन राम राज्य प्रारंभ हो जायेगा।


गुरुवार, 8 नवंबर 2012

जय हनुमान !! जय नरेन्द्र मोदी !!!


एक समाचार पत्र में समाचार पढ़ा कि कांग्रेस के एक प्रमुख नेता अर्जुन मोढवाडिया ने नरेन्द्र मोदी की तुलना बन्दर से की है। इस पर बीजेपी  ने ऐतराज जताया है और चुनाव आयोग में शिकायत करने की बात की है। मेरा मानना है कि भाजपा को अर्जुन मोढवाडिया का धन्यवाद करना चाहिए कि उन्होंने नरेन्द्र मोदी को बन्दर मानकर भाजपा की  जीत का  रास्ता साफ कर दिया है।भगवान् राम ने रावण को बंदरों की मदद से ही परास्त  किया था। हनुमान, सुग्रीव सभी ने मिलकर बलशाली किन्तु अभिमानी रावण का मान मर्दन किया  था। अर्जुन मोढवाडिया ने मान लिया लिया है कि वर्तमान कांग्रेस रुपी रावण के दंभ को राम के हनुमान (बन्दर) नरेन्द्र मोदी चूर करेंगे। जय बजरंग बली , जय हनुमान, जय नरेन्द्र मोदी। भाजपा से निवेदन है कि वानर नाम के उपहार से परेशान न हो, यह जीत का संकेत दिया है अर्जुन मोढवाडिया ने। मैं उनका धन्यवाद करता हूँ।  गुजरात की जनता को भी उनका धन्यवाद करना चाहिए।