हाल ही में माननीय राष्ट्रपति महोदय ने ठीक ही कहा है कि शिक्षा का माप दंड डिग्रीयां नहीं बल्कि कितने नौजवान स्कूल कालेजों और विश्वविद्यालयों से निकल रहे हैं जो विवेकवान ज्ञानवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव रखते है और जो मानवता के आधार पर हिंसा नफ़रत और सामजिक दुर्भाव से दूर विघटन की संकीर्ण भावना से ऊपर उठकर सोचते है। साथ ही भारत को गतिशील, मजबूत और समृद्ध राष्ट्र बनाने में कितना योगदान देते हैं ? माननीय राष्ट्रपति जी ने बहुत ही सही बात कही है। अगर नौजवानों की उपरोक्त सोच बन जाये तो भ्रष्टाचार, अनाचार , व्यभिचार, बेशर्मी स्वतः ही समाप्त हो जायेंगे। फिर इनको दूर करने के लिए भूख हड़ताल और सत्याग्रह आदि नही करना पड़ेगा। जब बच्चों को नैतिक मूल्यों की शिक्षा मिलने लगेगी तो बच्चा अधर्म और अनैतिक मार्ग नहीं अपनाएगा।
आज के बालक को अच्छे बुरे की पहचान नहीं है। क्योंकि उसे इस आदर्श संहिता पर चलने का मार्ग कहीं सिखाया नहीं गया न घर में,न विद्यालय में, न मित्रों में, न व्यापक समाज में। गर सिखाया भी जाता है तो सिर्फ ये की ज्यादा से ज्यादा धन कैसे कमाया जाये। यही ललक उसमे पैदा हो जाती है। मार्केटिंग का फंडा है कि घटिया से घटिया वस्तु किस चतुराई से ग्राहक को बेच दी जाये। जो ऐसा कर लेता है वही अच्छा मार्केटिंग एक्सेक्युटिव कहलाता है। मोरल वैल्यूस में वह साधारणतया विश्वास ही नही करता। बस प्रोडक्ट को बेचना ही उसका सर्वोपरि ध्येय है। फिर नागरिकों में कैसे यह भाव पैदा होगा कि सत्यनिष्ठां और समर्पण से सुख और समृद्धि प्राप्त की जा सकती है।
आदरणीय राष्ट्रपति जी मैंने भी इस पर बहुत विचार किया, बहुत मंथन किया कि खोये हुए मूल्य कैसे पुनर्स्थापित किये जाएँ जिससे समाज में और मानवमात्र के प्रति समर्पित और सत्यनिष्ठ नागरिक कैसे बन सकते हैं? भ्रष्टाचार के खिलाफ आन्दोलन चल रहे हैं, भूख हड़ताल भी चली, खूब शोर शराबा हुआ एक दूसरे पर कीचड उछाला जा रहा है, घटिया से घटिया बयानबाजी कर एक दुसरे का चरित्र हनन किया जा रहा है । इसका क्या असर पड़ेगा हमारी आने वाली पीढ़ियों पर? कोई अपनी कमी को, बेईमानी को, रिश्वत खोरी को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। कोई कम भ्रष्ट, कोई ज्यादा भ्रष्ट। प्रश्न है कि इसका निदान क्या है? मेरी समझ में तो आत्म विश्लेषण कर स्वयं में इसका उपचार ढूंढना होगा, ये भाव रखकर कि मैं ही गलत हूँ दूसरा नहीं। आज भारतीय राजनीतिक दलों के प्रवक्ता जो पढ़े लिखे हैं और श्रेष्ठ परिवारों यहाँ तक कि राजा महाराजाओं के परिवारो से सम्बन्ध रखते हैं या अच्छे वकील है या अच्छे प्राध्यापक है ये सब भी अपनी बात कहते वक्त मर्यादाएं भूल जाते है और सार्वजानिक संचार माध्यमों में एक दुसरे पर कीचड उछालते हैं। कभी कभी तो लगता है कि छोटे बच्चे भी सोचते होंगे कि हमारे ये बड़े लोग ग़ाली गलौज की भाषा बोलकर एक दूसरे की बखिया उधेड़ते हैं तो उन्हें लगने कगता है कि बड़े तो उनसे भी आगे निकल गए। इसलिए माननीय राष्ट्रपति जी बच्चों के संस्कार सुधारने के लिए पहले बड़ों का आचरण सुधारना होगा। आप इसके लिए बहुत कुछ कर सकते हैं। इसके लिए स्कूलों और कालेजों में महापुरुषों और देश की स्वतंत्रता के लिए मर मिटने वाले शहीदों की जीवनियाँ पढानी होगी। अच्छा हो सभी दलों के प्रवक्ताओं की एक सामूहिक बैठक लेकर आचार संहिता का ज्ञान पहले उन्हें प्रदान कर, और स्कूलों तथा कालेजों के पाठ्यक्रमों में महापुरुषों और शहीदों की जीवनियों को पढना अनिवार्य किया जाये। आने वाली पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव स्वतः पैदा हो जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें