शनिवार, 10 नवंबर 2012

राम राज्य कब आएगा !!


सूरजकुंड में कांग्रेस की मंथन बैठक में सोनिया जी और राहुल बस में बैठकर अन्य सदस्यों के साथ बैठक स्थल पर पहुंचे। यह एक अच्छी शुरुआत है, भले ही यह हमें नाटक दिखाई दे। खर्चे और प्रदूषण को कम करने के साथ साथ यह दिखाने का साहस किया कि  वे आम आदमी की तरह जीना सीखना चाहते हैं। क्या अन्य दल भी  इसी प्रकार की मिशाल कायम करने की इच्छा शक्ति रखते हैं, यह विचारणीय विषय है? यदि ऐसा अन्य दल भी करने लगें तो देश का करोड़ो रूपया बच  सकता है। 
जनसंघ काल में जनसंघ के अधिकारी, कार्यकर्ता  यह सोचा करते  थे कि  अंग्रेजों के शासन में अंग्रेज अधिकारीयों एवं भारतीय अफसरों का दबदबा दिखाने  के लिए और उनका रुतबा आम आदमी से ऊपर दिखाने के लिए उनका रख रखाव , रहन सहन व शासकीय शान हेतु शानदार सवारी और शानदार कोठी होती थी। जबकि आम आदमी के पास कच्ची झोपडी होती थी। देश की आज़ादी के बाद समानतापरक लोकतंत्र स्थापित हुआ पर कोई खास बदलाव नहीं आया। आज भी राष्ट्रपति ,मंत्री, नेता और प्रशासक वर्ग उसी अंग्रेजी शान से जी रहे हैं। आज भी एकड़ों भूमि में बने उनके बंगले आम आदमी को चिढ़ा रहे हैं। सबको सामंत वादी  जीवन जीने की ललक है। यहाँ तक कि  एक वार्ड स्तर  तक के छोटे से कार्यकर्त्ता में भी अंगरक्षक रखने और हूटर लगी गाडी की ललक जगी है।उसके अन्दर ये विचार अपने उच्च नेता की विलासिता पूर्ण जीवन शैली को देखकर ही आते है।  हाँ एक उदहारण है जनता पार्टी के काल में गृह मंत्री रहे श्री चतुरानन मिश्र, उन्होंने जरूर एक मिशाल पेश की थी।जब उन्होंने बंगले या कोठी में रहने की बजाय अपने फ़्लैट में रहना ही मंजूर किया। आज भी ममता दीदी अपने छोटे से मकान में रहकर झूठी शान से जीने वालों को एक दिशा दे रही है। क्या किसी दल में यह हिम्मत है कि  वह इन बड़े बड़े एकड़ों में फैले भवनों की जगह ऐसी व्यवस्था स्वीकार  करे कि  8 या 10 मंत्रियों के लिए एक ही जगह सामूहिक फ़्लैट बनवाकर आम आदमी की तरह रहने का साहस दिखा सके। किसी एक मंत्री के पीछे कारों का लम्बा चौड़ा कारवां न हो। ऐसा करने से एक ओर तो  सारा मंत्रिमंडल पांच छः कोठियों में समा जायेगा, दूसरा झूठे तामझाम और दिखावे से दूर रहकर खर्च तथा प्रदूषण दोनों कम होंगे। भाजपा को चाहिए कि  वह अपने घोषणा पत्र में यह बात कहे कि यदि उनकी सरकार केंद्र में आती है तो वे उक्त सभी बातों को क्रियान्वित करेंगे। देखिये जनता आपको सर आँखों पर बैठा कर पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में स्थापित करेगी। हिम्मत तो करिए,  साधारण बनने की ओर कदम तो बढाइये, जनता आपको इतना प्यार देगी कि  आप गदगद हो जायेंगे। छोडिये राजे रजवाड़ों वाली शान। आम आदमी हैं, आम आदमी बने रहिये। जिस दिन यह कर दिखायेंगे उस दिन राम राज्य प्रारंभ हो जायेगा।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें